स्वप्न भरी सपनीली आँखें
पिघला अंतस गीली आँखें
मन के भावों की दर्पण हैं
भाव भरी चमकीली आँखें
माँ के आँचल की छाँव तले
वे खुले अधर गर्वीली आँखें
किसी राम का इंतज़ार है
राह तकें पथरीली आँखें
चौखट पर अगवानी करतीं
शबनम-सी शर्मीली आँखें
फिर आँखों से बात करेंगी
अधरों वाली नीली आँखें
शाम की दुल्हन गेसू खोले
मय के बिना नशीली आँखें
जिस्म अगर दरिया है तो फिर
लहर कोई लहरीली आँखें
टूट रहे संबंधों का युग
रिश्तों-सी बर्फीली आँखें
स्वप्न देखती हैं उधार के
भूखी-प्यासी-पीली आँखें